#Politics : एक लाख तीन हजार परदेशी बिहारियों को मिली आर्थिक मदद, CM नीतीश की पहल पर सीधे खातों में राशि भेजने की शुरुआत

Ajit Mishra

कोरोना महामारी के चलते देश में अचानक हुए लॉकडाउन से परदेस में फंसे एक लाख 3 हजार 569 बिहारियों के खाते में 10 करोड़ 35 लाख 79000 रुपये की राशि भेंजेने की शुरुआत की गई। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विभिन्न राज्यों में फंसे बिहारियों के खाते में सीधे राशि भेजने की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 लाख 3 हजार से अधिक लोगों के खातों में आज राशि भेजी गई है। बताया कि अब तक 284674 आवेदन प्राप्त हुए हैं। आवेदन की जांच के बाद अन्य लाभुकों के खाते में में भी शीघ्र ही राशि भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री ने अपने आवास से मुख्यमंत्री राहत कोष से विशेष सहायता अंतर्गत बिहार के लोगों को एक हजार की दर से सीधे बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया गया।

दरअसल, लॉकडाउन की वजह से बिहार के जो लोग अन्य राज्यों में फंसे हुए हैं उन्हें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रति व्यक्ति एक हजार देने का एलान किया था। इसके लिए आपदा प्रबंधन विभाग ने एक लिंक जारी किया था, जिस पर जाकर लोग अपने बारे में जानकारी दे सकते हैं। जारी किए गए लिंक पर बिहार के बाहर के लोगों के जितने आवेदन प्राप्त हुए हैं उनमें दिल्ली से 55264, हरियाणा 41050, महाराष्ट्र से 30576, गुजरात से 25638, उत्तर प्रदेश से 23832, पंजाब से 15596, कर्नाटक से 15428, तमिलनाड से 11914, राजस्थान से 11776, पश्चिम बंगाल से 9527 और तेलांगना से 7245 आवेदन मिले हैं। इसके तहत बिहार के 103579 लोगों को एक हजार रुपये की सहायता राशि भेजी गई है, उनमें सारण के 7281 मुजफ्फरपुर के 6821, मधुबनी के 6792, पूर्वी चंपारण के 6569, सीतामढ़ी के 6348, सिवान के 5897 और दरभंगा के 5026 लोग शामिल हैं।