रंजिश : विवाद में दो अलग-अलग जगहों पर चटकी लाठियां, आधा दर्जन लोग चोटिल
लोगों ने कहा दोनों पक्षों में है पुरानी अदावत
Varanasi : मामूली विवाद को लेकर झगड़ा हो गया। पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। तहरीर मिलने के बाद पुलिस विधिक कार्रवाई कर रही है। दरअसल, वाराडीह गांव में धान की नर्सरी डालने के लिए तैयारी करते वक्त कुछ बच्चे खेत में खेलने लगे। राजा यादव ने विरोध किया। नाराज पड़ोसी राजेंद्र यादव के पक्ष के लोग लाठी डंडा लेकर घर पर पहुंचे। पिटाई शुरू कर दी। राजा यादव, संजय यादव, अजय यादव सहित आधा दर्जन लोग चोटिल हुए। बचाव करने पहुंचे छोटू यादव को भी चोट आई।
पता चलने पर पहुंची कपसेठी पुलिस ने घायलों को सेवापुरी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्रारंभिक इलाज के बाद घायलों को डॉक्टरों ने जिला अस्पताल ट्रामा सेंटर रिफर कर दिया। जख्मी राजा यादव की तरफ से थाने पर तहरीर दी गई। लोगों का कहना है कि दोनों पक्षो में पहले से अदावत है।

मारपीट का मामला पहुंचा थाने, पुलिस कर रही हमलावरों की तलाश
दूसरी तरफ पचवार गांव में पुरानी रंजिश को लेकर जमकर लाठी-डंडे चले। पहुंची जंसा पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। दरअसल, चंद्रबली मिश्रा के घर पहुंचकर कुछ लेगों ने उनके बेटे पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। लोगों द्वारा बीच बचाव करने पर हमलावर भाग निकले। हमले में आनंद मिश्रा गंभीर रूप से चोटिल हो गए। चोटिल पक्ष ने गांव के ही सूर्य प्रकाश, टोनू, श्याम नारायण, स्वामीनाथ, बब्लू केवला और प्रकाश पर जान से मारने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी जंसा का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है।
