BHU में आज से शुरू होगा रामायण कॉन्क्लेव: संस्कृति विभाग की पहल पर आयोजित होंगे कई कार्यक्रम
Varanasi : BHU में आज से राम नाम की गूंज सुनाई देगी। तीन व चार फरवरी को पर्यटन और संस्कृति विभाग की ओर से रामायण कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया है। दो दिन तक यहां काव्यपाठ के साथ ही युवा कलाकार प्रभु श्रीराम पर आधारित भजनाें के साथ ही नृत्य नाटिकाओं का मंचन करेेंगे। बीएचयू भारत अध्ययन केंद्र, जिला प्रशासन और अयोध्या शोध संस्थान के सहयोग से कला संकाय प्रेक्षागृह में कार्यक्रम होगा। रामायण कॉन्क्लेव का उद्घाटन शुक्रवार तीन फरवरी को सुबह 11 बजे होगा। भारत अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रो. सदाशिव कुमार द्विवेदी ने बताया कि मुख्य अतिथि श्री हनुमत निवास पीठाधीश्वर अयोध्या के महंत मिथिलेश नंदिनीशरण, विशिष्ट अतिथि बीएचयू प्राचीन इतिहास विभाग की पूर्व अध्यक्ष प्रो. विभा त्रिपाठी मौजूद रहेंगी। अध्यक्षता संगीत नाटक अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. राजेश्वर आचार्य करेंगे। लोक चेतना में श्रीराम विषयक संगोष्ठी, रामायण गान, क्विज, रामायण आधारित चित्रकला, काशी की रामलीला पर छायाचित्र प्रदर्शनी, युवा कलाकारों की ओर से प्रभु श्रीराम पर आधारित भजन, नृत्य नाटिका, बाल व युवा काव्यार्चन के साथ ही सांस्कृतिक गतिविधियां होंगी।