जरूरतमंदों का सहारा बनने की गुजारिश : भगत सिंह की जयंती पर निशुल्क नेत्र रोग जांच, बोले पार्षद अजीत- आंख शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग
Varanasi : सरदार भगत सिंह की जयंती पर ‘हमसफर’ और राजमंदिर के पार्षद अजीत सिंह के तत्वाधान में काशी व्यायामशाला, राज मंदिर में निशुल्क नेत्र रोग जांच शिविर और चश्मा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ नेत्र रोग सर्जन डॉ. विवेक सिंह, विशिष्ट अतिथि संजय सोनकर (राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, शिक्षक सभा) थे। निशुल्क नेत्र रोग जांच डॉ. विवेक सिंह और डॉ. नितिन कुमार वर्मा के द्वारा किया गया।
निशुल्क जांच शिविर में क्षेत्र के तकरीबन आठ सौ से अधिक बुजुर्गों और युवाओं ने अपने आंख की जांच कराई। कार्यक्रम का शुभारंभ वहां उपस्थित सभी लोगों द्वारा सरदार भगत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। राजमंदिर वार्ड के पार्षद अजित सिंह ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि को माल्यार्पण और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
अतिथियों ने अपने-अपने विचार रखकर आंख की उपयोगिता, देखभाल और उपाय के विषय में उपस्थित लोगों को समझाया जिसके बाद नेत्र परीक्षण का कार्य शुरू हुआ। पार्षद अजित सिंह ने बताया कि नेत्र परीक्षण के बाद चश्में का वितरण तीन अक्टूबर को किया जाएगा। नेत्र जांच करवाने वाले लोगों ने बताया कि यह शिविर अत्यंत ही उपयोगी साबित होगी।
लोगों ने अपने क्षेत्र के पार्षद अजित सिंह का निशुल्क नेत्र जांच और चश्मा वितरण कार्यक्रम के लिए आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में कैप्टेन मोहन यादव, राजेश यादव, कुबेर ऑप्टिकल्स के सुशील केसरी आदि अन्य लोगों का सहयोग था।
डॉ. विवेक सिंह ने बताया कि आंख शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग है। इसी के बदौलत हम सभी पूरी दुनिया को देखने में सक्षम होते हैं। आज कल आंख की समस्याएं किसी भी उम्र के लोगों को हो जाती हैं। जरूरी है कि समय-समय पर हम अपनी आंखों की जांच करवाते रहे और इसका ख्याल रखें। आंख को धूल से बचाएं। समय-समय पर आंख को पानी से धुलते रहे। खान-पान का ध्यान रखें। आंख में कोई समस्याएं महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
राजमंदिर वार्ड के पार्षद अजित सिंह ने कहा कि ‘हमसफर’ के बैनर तले शाहिद भगत सिंह के जयंती पर निशुल्क नेत्र परीक्षण और चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया है। नेत्र परीक्षण का कार्य शहर के विख्यात नेत्र सर्जन डॉ. विवेक सिंह द्वारा किया गया। आंख शरीर का एक उपयोगी अंग है। इस शिविर में करीब 800 से अधिक लोगों ने नेत्र परीक्षण करवाया। हमारा प्रयास बेसहारों का सहारा बनकर राष्ट्र की सेवा में अपना योगदान देना है। आगे भी जनता के हित में ऐसे कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।