शुरू होगा छह दिनी पल्स पोलियो अभियान : साढ़े पांच लाख से अधिक नौनिहाल पियेंगे दो बूंद जिंदगी की
Varanasi : जिले में सघन पल्स पोलियो अभियान 18 सितम्बर से शुरू होगा। छह दिवसीय इस अभियान में साढ़े पांच लाख से अधिक नौनिहालों को ‘दो बूंद जिंदगी की’ दी जायेगी। इसके लिए रविवार 18 सितम्बर को बूथ दिवस का आयोजन होगा। इसमें जनपद के 1859 बूथों पर पोलियो की खुराक दी जायेगी। बूथ तक न पहुंच पाने वाले बच्चों के लिए 19 सितम्बर से घर-घर जाकर पोलियो की खुराक देने का काम होगा। इसके बाद भी अगर कोई बच्चा दवा पीने से वंचित रह गया होगा तो उसे 26 सितम्बर को भी पोलियो की खुराक दी जा सकेगी।
सघन पल्स पोलियो अभियान की सफलता के लिए मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक गोयल ने बृहस्पतिवार को विकास भवन में जिला टास्क फोर्स की बैठक की। अभियान के लिए अबतक की गयी तैयारियों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से लेने के साथ ही उन्होंने उन्हें आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इस बात पर विशेष ध्यान दिया जाये कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक लेने से वंचित न रह जाये।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. संदीप चौधरी ने बताया कि वैसे तो भारत पोलियो मुक्त हो चुका है, लेकिन कुछ देशों में पोलियो अभी भी है। लिहाजा इसके फिर से लौटने की आशंका बनी रहती है। इसी वजह से सघन पल्स पोलियो अभियान चलाया जा रहा है ताकि किसी भी हालत में इसे अपने देश में पुनः न लौटने दिया जाये। उन्होंने अभिभावकों से अपील किया कि वे अपने शून्य से पांच साल तक के बच्चों को हरहाल में पोलियो की खुराक अवश्य पिलाये।
सीएमओ ने बताया कि इस बार जनपद के 5 लाख 68 हजार 511 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 18 सितंबर रविवार को बूथ दिवस का आयोजन किया गया है जिसमें 1859 बूथों पर दवा पिलाई जाएगी। जो बच्चे बूथ दिवस पर दवा पीने से छूट जाएंगे उन्हें स्वास्थ्य विभाग की टीमें 19 से 23 सितंबर (सोमवार से शुक्रवार) तक घर-घर जाकर दवा पिलाने का काम करेगी। इसके बाद भी जो बच्चे छूट जाएंगे, उन्हें 26 सितंबर सोमवार को दवा पिलाई जाएगी।