सो रहे इंजीनियरिंग के छात्र की गोली मारकर हत्या : जमीनी विवाद में कत्ल का अनुमान, हत्यारों को जल्द पकड़ने का पुलिस कर रही दावा
Ajit Mishra
Bihar : राज्य में इन दिनों अपराधियों के हौसले बुलंद है। सहरसा जिलान्तर्गत सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र के खजुराहा गांव के बघैल टोला में इंजीनियरिंग के एक छात्र जयकांत कुमार की सोए हुए अवस्था में गोली मारकर हत्या कर दी गयी।
बताया जाता है कि अपराधियों ने जब छात्र पर गोली चलायी उस समय वह सो रहा था। सहरसा में बीते एक सप्ताह के अंदर दो हत्या और एक को गंभीर रूप से जख्मी होने से इलाके में भय का माहौल है। उक्त घटना के सम्बंध में बताया जाता है हत्या जमीन के विवाद से जुड़ी हो सकती है।
दरअसल, गोवर्धन यादव का अपने पड़ोस के ही एक शख्स से विवाद चल रहा था। मृतक जयकांत कुमार गोवर्धन यादव का बेटा है और पटना में रह कर इंजीनियरिंग की पढ़ाई करता था।

जयकांत सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र के खजुराहा गांव के बघैल टोला स्थित अपने घर आया था और मंगलवार की रात अपने दरवाजे पर सोया हुआ था। इसी दौरान सोये अवस्था में गोली मारकर अपराधी फरार हो गये।
गोली की आवाज सुनकर घर के लोग उठे और आनन-फानन में उसे इलाज के लिये सदर अस्पताल लेकर गये, जहां डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया।
घटना के संदर्भ में सोनवर्षा थानाध्यक्ष सुनील भगत का कहना है कि जमीनी विवाद में रास्ता को लेकर पहले से झगड़ा चल रहा था। उन्होंने कहा कि हत्यारों की गिरफ्तारी जल्द कर ली जाएगी।