कहीं नशे में मारपीट तो कहीं विवाद में झगड़ा : छिटपुट मारपीट की घटनाओं में तीन दर्जन से ज्यादा लोग चोटिल, लगानी पड़ी अतिरिक्त फोर्स
Varanasi : फूलपुर थाना क्षेत्र के हिवरनपुर (रामपुर) में दोनों पक्षों के बीच चले लाठी-डंडे में तकरीबन दो दर्जन लोग जख्मी हो गए। सतर्कता के लिहाज से मौके पर अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की गई। दोनों पक्षों के कुछ लोगों को सिर और हाथ में गंभीर चोट आने पर दूसरे अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। घटना गुरुवार की रात 8 बजे की है।
पुलिस के मुताबिक, हिवरनपुर स्थित बस्ती के पास दूसरे पक्ष का एक लड़का पटाखा बजा रहा था। पटाखे की चिंगारी से राकेश सिंह के खेत में रखे चना का भूसा जल गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में वाद विवाद बढ़ गया।
दोनों पक्षो के लोग लाठी डंडे से लेकर आमने-सामने हो गए। जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्ष से दो दर्जन लोग घायल हो गए। एक पक्ष ने पटाखा बजाने से मना करने पर दूसरे पक्ष के लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया तो दूसरे पक्ष के लोगों ने छोटी सी बात को लेकर घर में घुसकर तोड़फोड़ करने और महिलाओं को पीटने का आरोप लगाया।
पुलिस ने शशिकांत गोंड़ की तहरीर पर धारा 147, 323, 504, 506, 452, 427, 354 क, 308 और SC-ST एक्ट के तहत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा कायम किया। दूसरी तरफ के जयप्रकाश शर्मा की तहरीर पर धारा 147, 323 और 336 के तहत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा कायं किया गया। SHO मुन्नाराम ने बताया कि अब स्थिति कंट्रोल में है।
उधर, फूलपुर थाना क्षेत्र के खेमापुर में होलिका दहन को लेकर दो पक्षो में मारपीट हो गई। एक पक्ष से पांच लोग और दूसरे पक्ष से तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षो की तहरीर पर मारपीट का मुकदमा कायम किया।

दरअसल, होलिका दहन एक मड़ई के बगल में चकरोड पर की जानी थी। एक पक्ष ने आपत्ति जताई थी। पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस प्रशासन ने खुद की मौजूदगी में होलिका दहन कराने की बात कही थी। इसी बीच, गुरुवार को रात करीब साढ़े 9 बजे में एक पक्ष के लोंगो ने बिना पुलिस के पहुंचे होलिका जला दी। इसी को लेकर दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने हो गए।
मारपीट हो गई। एक पक्ष से थाने पहुंचे घायल विकास, आकाश, रोहित, दया और वर्षा का प्राथमिक उपचार पीएचसी पिंडरा में कराया गया। दूसरे पक्ष से भी तीन लोग घायल हो गए।
वहीं, फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा बाजार में नशे में युवक ने राशन कार्ड से नाम काटने का आरोप लगाते हुए कोटेदार को गाली दिया। आरोप है, कोटेदार ने परिजनों के साथ युवक की जमकर पिटाई कर दी। घटना गुरुवार की रात की है।
आरोप के मुताबिक, नशे में पिंडरा निवासी सोनू सोनकर गांव के कोटेदार रामजी सोनकर के घर रात 11 बजे पहुंचा। महीनों पहले कटे नाम का हवाला देकर गाली देना शुरु कर दिया। बार-बार मना करने पर भी नहीं मानने पर कोटेदार रामजी सोनकर ने परिजनों संग पिटाई कर दी।
पिटाई के दौरान बचाव करने पहुंची उसकी मां विमला देवी और चार साल की बेटी महिमा को भी चोटे आई। सोनू और महिमा को पीएचसी पिंडरा पर प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा लिखा है।