अटकलों पर विराम : देव दीपावली पर वाराणसी नहीं आएंगी राष्ट्रपति मुर्मू, चार नवंबर को बनारस आ सकते हैं सीएम योगी
Varanasi : कमिश्नर कौशल राज शर्मा ने पिछले पांच छह दिनों से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को लेकर लगायी जा रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। कहा कि देवदीपावली पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के यहां आगमन का कोई कार्यक्रम नहीं है।
प्रधानमंत्री, उपराष्ट्रपति, केंद्रीय मंत्री, न ही किसी नेशनल गेस्ट के आने की उम्मीद है। यह मानकर चल सकते हैं कि देवदीपावली पर राज्यपाल व मुख्यमंत्री आ सकते हैं।
कमिश्नर कमिश्नरी सभागार में पुलिस, नगर निगम, पर्यटन समेत अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ देवदीपावली की तैयारी की समीक्षा कर रहे थे। कहा कि देवदीपावली से पूर्व मुख्यमंत्री चार नवंबर को काशी आ सकते हैं।
स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वे देवदीपावली की तैयारी की समीक्षा करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री छह नवंबर को चंदौली में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने आ रहे हैं।
संभव है देवदीपावली की पूर्व संध्या पर तैयारियों का जायजा लें और अगले दिन यहां देवदीपावली देखें। इसलिए पांच नवंबर तक तैयारी शत प्रतिशत पूरी होनी चाहिए।
देवदीपावली पर न्यायधीश समेत अन्य गेस्ट अवश्य आएंगे। इन सभी लोगों को बोट से नमोघाट से राजघाट लाए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सांस्कृतिक कार्यक्रम पांच, छह व सात नवंबर को राजघाट पर ही आयोजित होंगे।
कमिश्नर ने हाल की घटनाओं को देखते हुए भीड़ को कंट्रोल करने के ठोस उपाय किए जाने का निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिया। कहा कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए गंगा घाट पर वालंटियर को लगाने के लिए समितियों को निर्देशित किया गया है। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस, सिविल डिफेंस, होमगार्ड, एनएसएस के वालंटियर को लगाया जाएं।
नाव संचालन की समुचित व्यवस्था हो। एनडीआरएफ पूरी तरह मुस्तैद रहे और पर्याप्त गोताखोरों को पहले से चिह्नित कर सुरक्षा टीम में शामिल कर लें। भीड़ को नियंत्रित करना सबसे बड़ी चुनौती होगी। गंगा घाटों के आसपास बेसहारा पशु एक भी नहीं दिखने चाहिए। लाइटिंग की पूरी व्यवस्था रखें।
पुलिस कमिश्नर ए. सतीश गणेशन ने पुलिस अधिकारियों को भीड़ नियंत्रित करने के लिए अलर्ट किया। कहा कि देवदीपावली पर महिलाओं की संख्या अधिक होती है। इसलिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस की तैनाती होगी।
पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी तरह की घटना से निबटने के सभी उपाय पहले ही सुनिश्चित कर लिए जाएं। नगर आयुक्त समेत सभी प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।