रोडवेज कर्मचारियों का “रास्ता रोको आंदोलन” : चक्का जाम किया, ये हैं इनकी मांगे
Varanasi : रोडवेज कर्मचारियों ने बुधवार को चक्का जाम कर दिया। सैकड़ों की संख्या में रोडवेजकर्मी चौधरी चरण सिंह बस अड्डे पर पहुंचे। अपने लंबित मांगों को पूरा करने की मांग को लेकर कर्मचारियों ने संगठनों के आह्वान पर “रास्ता रोको आंदोलन” के तहत चक्का जाम कर सड़क पर बैठ गए। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने परिवहन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को पूरा करने की मांग की। मौके पर पहुंची सिगरा थाना क्षेत्र की पुलिस टीम को चक्का जाम को समाप्त करवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान करीब एक घंटे तक क्षेत्र की यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
EPS 95 – राष्ट्रीय संघर्ष समिति के आवाह्न पर रास्ता रोको आंदोलन में शामिल हुए कर्मचारियों ने सरकार से पेंशन में बढ़ोतरी करने की मांग की है। चक्का जाम में शामिल हुए EPS 95 – राष्ट्रीय संघर्ष समिति के उपसचिव जनार्दन त्रिपाठी ने कहा कि रोडवेज कर्मचारी रिटायरमेंट के बाद एक हजार से पांच हजार रुपए तक पेंशन पाते है। इतने कम पैसे में रिटायरमेंट के बाद जीवनयापन करना बेहद ही मुश्किल हुआ। उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुसार हमारी पेंशन को लागू किया जाना चाहिए। वहीं मेडिकल की सुविधा कर्मचारी और परिजनों के लिए विभाग और सरकार शुरू करे। ऐसी ही मूल मांगों की बात सरकार तक पहुंचे इसके लिए चक्का जाम किया गया है।