सर्विस पिस्टल साफ करते वक्त चली थी गोली : जख्मी सब इंस्पेक्टर ने अफसरों को दिया बयान, ड्यूटी पर जाने की कर रहे थे तैयारी, पत्नी को शॉपिंग कराने की बात कही थी
Varanasi : कमिश्नरेट के चितईपुर थाने में पोस्ट सब इंस्पेक्टर को सोमवार की दोपहर गोली लग गई। SI को इलाज के लिए मलदहिया स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया।
प्राथमिक इलाज के बाद हालत चिंताजनक होने की वजह से उन्हें BHU रेफर कर दिया गया। सब इंस्पेक्टर को गोली लगने की जानकारी होने के बाद महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जख्मी सब इंस्पेक्टर मनीष सिंह ने अफसरों को बताया है कि सर्विस पिस्टल साफ करते वक्त गोली चली है। सारनाथ स्थित शक्ति पीठ आश्रम के पास आवास पर वह ड्यूटी पर जाने के लिए तैयार हो रहे थे। पत्नी को होली की शॉपिंग कराने की बात कही थी।
गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। जानकारी मिलने पर पहुंचे SO सारनाथ अर्जुन सिंह ने जख्मी सब इंस्पेक्टर मनीष सिंह को मलदहिया स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल पहुंचाया। हालत अस्थिर होने पर उन्हें BHU के लिए रेफर कर दिया गया।

DCP काशी आरएस गौतम, ADCP वरुणा प्रबल प्रताप सिंह सहित कई थानेदार जानकारी पता चलने पर पहुंच गए। डॉक्टरों के अनुसार, सब इंस्पेक्टर की हालत गोली लगने की वजह से चिंताजनक बनी है। SI मनीष सिंह मूलरूप से रोहतास बिहार के रहने वाले हैं।
मलदहिया हॉस्पिटल से जब उन्हें रेफर किया गया तो कमच्छा से भेलूपुर तक लगे भीषण जाम में एंबुलेंस फंस गई। जख्मी सब इंस्पेक्टर को BHU ले जाया जा रहा था।

एंबुलेंस के साथ पुलिस की दो गाड़ियां भी साथ में चल रही थीं। पुलिस की दोनों गाड़ियां भी जाम में फंस गईं। काफी मशक्कत के बाद एंबुलेंस और पुलिस की गाड़ियों को जाम से निकालकर रूट डायवर्ट करते हुए कमच्छा से संकुलधारा होते हुए BHU की तरफ रवाना किया गया।