तीन पुलिसकर्मियों ने वर्दी को किया शर्मसार : पहले शादी कराई फिर देह व्यापार में फंसाने की धमकी देकर मांगी रंगदारी, अब गिरफ्तार
Varanasi : पुलिस की शर्मसार करने वाली करतूत फिर सामने आई है। राजस्थान के युवक की वाराणसी में शादी कराने के बाद उसे देह व्यापार व तस्करी में फंसाने की धमकी देकर पुलिस वालों ने ही वसूली की कोशिश की। पूरे वारदात को इतने शातिराना अंदाज में अंजाम दिया कि कोई भी भला इंसान हैरान रह जाए। पुलिस वालों की वसूली का शिकार हुए युवक ने हिम्मत बांधी और अधिकारियों तक मामला पहुंचा दिया। इससे वसूलीकी कोशिश में लगे पुलिस वालों की मंशा पर पानी फिर गया। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर तीन सिपाहियों के खिलाफ सारनाथ थाने में केस दर्ज किया गया है। पूरे घटनाक्रम में युवती और राजस्थान का एक अन्य युवक समेत सात लोग शामिल हैं। सिपाहियों पर रंगदारी समेत कई संगीन धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के नागौर जिले के वैंकटेश्वर तिवाड़ी को राजस्थान के ही मेड़ता निवासी विजय जैन ने वाराणसी की युवती से शादी का झांसा दिया। वैंकटेश ने डेढ़ लाख रुपये देकर शिवपुर स्थित कांशीराम आवास की संगीता मिश्रा से शादी की। मंगलवार 23 मई को वह संगीता को लेकर राजस्थान रवाना हुआ। इसी बीच रास्ते में उसे फोन आया। फोन करने वाले ने सारनाथ थाने का पुलिस अधिकारी बताया। बीच रास्ते वाहन रुकवा लिया और मौके पर पहुंचा।
अपना नाम प्रशांत सिंह बताते हुए संगीता से मुखातिब हुआ। संगीता ने जबरदस्ती शादी कर ले जाने की बात कही। इसके बाद दीपक सिंह नामक पुलिसकर्मी पहुंचा। दोनों दूल्हा बने वैंकटेश्वर का वाहन सारनाथ ले आए। थाने से कुछ दूर पहले वाहन रुकवाया। वहां दूसरी कार में बैठे पुलिसकर्मी विनय कुमार के पास ले गए।
उसने देह व्यापार और मादक पदार्थों की तस्करी में फंसाने की धमकी देकर दो लाख रुपयों की मांग की। इसी बीच संगीता को भगा दिया। वैंकटेश्वर ने हिम्मत नहीं हारी और पूरे मामले की शिकायत अधिकारियों से कर दी।
बुधवार देर रात ही सारनाथ थाने के सिपाही दीपक सिंह, प्रशांत सिंह व कैंट के विनय, राजस्थान के विजय जैन, संजय श्रीवास्तव, उसकी पत्नी व मां उषा और संगीता पर केस दर्ज कर लिया गया। तीनों सिपाहियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस विधिक कार्रवाई कर रही है।