Astrology 

बिजनेस में बढ़ोतरी और जीवन में तरक्की पाने के लिए आज कर लें ये उपाय

आज श्रावण कृष्ण पक्ष की दशमी तिथि और बुधवार का दिन है। दशमी तिथि आज शाम 6 बजे तक रहेगी। आज सुबह 9 बजकर 39 मिनट तक धृति योग रहेगा। साथ ही आज शाम 7 बजकर 43 मिनट तक भरणी नक्षत्र रहेगा। इसके अलावा आज शाम 6 बजे तक स्वर्ग लोक की भद्रा रहेगी। सप्ताह का बुधवार का दिन भगवान गणेश को समर्पित है। आज गणपति जी की पूजा करने से बल, बुद्धि और धन-संपत्ति का आशीर्वाद मिलता है। ऐसे में आइए विमल जैन से जानते हैं कि आज अलग-अलग शुभ फलों की प्राप्ति के लिए कौनसे उपायों को अपनाना चाहिए।

अगर आप जीवन में सुख-समृद्धि पाना चाहते हैं तो आज के दिन आपको आंवले के पेड़ के पास जाकर उसकी जड़ में जल चढ़ाना चाहिए। साथ ही हाथ जोड़कर आंवले के वृक्ष को प्रणाम करना चाहिए। अगर आपके आस-पास आंवले का पेड़ न हो तो आप आंवले के फल का भी दर्शन कर सकते हैं।

अगर आप अपने घर में धन-धान्य की बढ़ोतरी करना चाहते हैं तो आज के दिन आपको लक्ष्मी जी की उपासना करनी चाहिए। आज के दिन शाम के समय आपको माता लक्ष्मी के आगे घी का दीपक जलाना चाहिए और हाथ जोड़कर धन- धान्य की बढ़ोतरी के लिए माता से प्रार्थना करनी चाहिए।

अगर आपके दांपत्य रिश्ते में किसी प्रकार की परेशानी चल रही है तो उस परेशानी को दूर करने के लिए आज के दिन आपको भरणी नक्षत्र के दौरान शुक्र के मंत्र का 21 बार जप करना चाहिए। शुक्र का मंत्र इस प्रकार है- ‘ॐ द्रां द्रीं द्रौं स: शुक्राय नम:’।

अगर आप अपना तेज कायम रखना चाहते हैं तो आज के दिन आपको एक अच्छी खुशबू वाला इत्र लाना चाहिए और मन्दिर या किसी धर्मस्थल पर वो इत्र देना चाहिए। साथ ही अपने तेज को कायम रखने के लिए भगवान से प्रार्थना करनी चाहिए।

अगर आप अपने लवमेट्स के साथ अपने रिश्ते को और भी मजबूत करना चाहते हैं तो आज के दिन आपको अपने घर के बीच आंगन में एक त्रिकोण आकृति बनानी चाहिए। उस आकृति को आप सफेद चॉक या आटे की मदद से बना सकते हैं। अब उस त्रिकोण आकृति में एक आंवले का फल रखें और उसकी विधि-पूर्वक पूजा करें। अगर आपको आंवले न मिल पाये तो आप एक आलू भी रख सकते हैं। पूजा आदि के बाद सारी चीजों को आज ऐसे ही रखा रहने दें। अगले दिन उन सबको बहते जल में प्रवाहित कर दें।

अगर आप अपने बिजनेस में बढ़ोतरी करना चाहते हैं, लेकिन किसी कारण से नहीं कर पा रहे हैं तो अपने बिजनेस में बढ़ोतरी के लिए आज के दिन आपको एक सफेद रंग की कमीज लेकर किसी कुम्हार या किसान को गिफ्ट करनी चाहिए।

You cannot copy content of this page