Exclusive Varanasi ऑन द स्पॉट धर्म-कर्म 

चैत्र नवरात्र का आज आठवां दिन : देवी मंगला गौरी और माता अन्नपूर्णा के दरबार में उमड़े श्रद्धालु, काशी में गूंज रहा जय माता दी का जयकारा

Varanasi : नवरात्रि का आज आठवां दिन है। आज मां भगवती के आठवें स्वरूप यानी अष्टांग योग की अधिष्ठात्री देवी महागौरी की पूजा की जाती है।काशी में आज देवी मंगला गौरी और मां अन्नपूर्णा की पूजा होती है। देवी मंगला गौरी का मंदिर पंचगंगा घाट क्षेत्र में है। वहीं, आज के दिन माता अन्नपूर्णा के दर्शन की भी मान्यता है। दोनों ही मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए सुबह से देवी भक्तों का हुजूम उमड़ा हुआ है।

ऐसी मान्यता है कि देवी महागौरी की कृपा से धन-संपदा, सौंदर्य और सौभाग्य की प्राप्ति होती है। महागौरी सृष्टि का आधार होने के साथ ही अक्षत सुहाग की प्रतीक हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान शिव ने मां काली पर गंगाजल छिड़का था तो वह महागौरी हो गईं थीं।

देवी मंगला गौरी मंदिर के महंत पंडित नारायण गुरु ने बताया कि देवी के इस स्वरूप की पूजा विवाहित महिलाओं को अखंड सौभाग्य का फल प्रदान करती है।आज के दिन देवी मंगला गौरी को अक्षत, सिंदूर, पीले या लाल रंग का फूल, चुनरी और नारियल अर्पित करना चाहिए। वहीं उन्होंने कहा कि जो लोग मंगल ग्रह से पीड़ित होते हैं या जिन लड़कियों का विवाह नहीं होता है, मां मंगला गौरी का दर्शन-पूजन करने से उनका विवाह जल्द हो जाता है ।

बता दें कि महाअष्टमी के दिन काशी में शक्ति के उपासक मां अन्नपूर्णा का दर्शन करने का भी विधान है। भोर की आरती के बाद से ही माता का पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया गया है और लोग माता के दर्शन पूजन कर रहे हैं।

You cannot copy content of this page