Breaking Varanasi उत्तर प्रदेश ऑन द स्पॉट 

ईंट भट्ठे पर दर्दनाक हादसा: भरभरा कर गिरी चिमनी से सटी ईंट की दीवार, दबकर दो महिलाओं की मौत जबकि दो गंभीर रूप से घायल

Varanasi : बड़ागांव थाना क्षेत्र के गोसाईंपुर स्थित ईंट भट्ठे में चिमनी के पास खड़ी ईंट की दीवार अचानक गिरने से चार महिलाएं ईंट के नीचे दब गईं। दीवार गिरते देख भट्ठा में कार्य कर रहे अन्य मजदूर भाग कर वहां पहुंचे और ईंटों को हटाकर दबे महिलाओं को निकाला लेकिन तब तक दो की मौत हो चुकी थी। दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक महिलाओं की शिनाख्त भगतूपुर गांव निवासी माला देवी पत्नी नंदाराम और लालमनी देवी (65) पत्नी कलपूराम के तौर पर हुई है। हादसे की सूचना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है।

जानकारी के मुताबिक, बड़ागांव थाना अंतर्गत गोसाईंपुर अनौरा गांव में सिगरा निवासी अमर प्रधवानी का ईंट भट्ठा है। भट्ठे में गांव की महिलाएं जले हुए कोयले को बिनने आईं थीं। उसी दौरान भट्ठे की एक दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे के नीचे दबने से दो महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और दो महिलाएं घायल हो गईं। सूचना पाकर बड़ागांव थाना प्रभारी अश्विनी चतुर्वेदी और पिंडरा तहसील के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। जेसीबी से ईंटों को हटाने का कार्य जारी है। इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि मलबे में कोई अन्य तो नहीं दबा है।

You cannot copy content of this page