Corona fighter : वर्दीवाला भूखों को खिला रहा निवाला
वाराणसी। जरूरतमंदों की लाचारियां समझ जाते हैं। रोटियां खिलाते हैं। अक्सर देखा गया है कि किसी के घर पुलिस पहुंच जाए तो लोग घबरा उठते हैं। क्या हो गया! किस कारण पुलिस आ गयी। लेकिन शिवपुर थाने के सिपाही सुनील कुमार श्रीवास्तव वर्तमान हालात (लॉकडाऊन) में जहां जाते हैं वहां ड्यूटी के साथ मानवता का फर्ज निभाते हैं। सभी जानते हैं कि कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए देश बंद चल रहा है। दिहाड़ी मजदूर तबका और अर्थव्यवस्था से मजबूर तबका दोनों के लिए समस्या खड़ी हो गयी है। कई परिवारों में फांकाकशी की नौबत आ गयी है। भूखों और जरुरतमंदों के लिए जो भोजन-राशन उपलब्ध करा दे वह किसी मसीहा से कम नहीं है। लोग पुलिस के नाम से लोग घबरा जाते हैं। वहीं, सिपाही सुनील कुमार श्रीवास्तव को देखते ही लोगों का चेहरा खुशी से खिल उठता है। सुनील शिवपुर थाने में जन सुनवाई अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने संकल्प लिया है कि लॉकडाउन में किसी भी व्यक्क्ति को भूखे नहीं सोने देंगे। क्षेत्र के व्यवसाईयों और समाजसेवी संस्थाओं से संपर्क कर सुनील रोज भोजन की व्यवस्था करते हैं। हर जरूरतमंदों के पास स्वयं अपने साधन से पहुंचाते हैं। सुनील के इस नेक काम की तारीफ क्षेत्र का हर व्यक्ति कर रहा है।
सरल स्वभाव के मृदुभाषी सुनील कुमार श्रीवास्तव ने कोरोना जैसी महामारी से जूझ रहे लोगों की मदद करने के लिए अनोखा तरीका निकाला है। व्हाट्सएप ग्रुप बना कर शिवपुर क्षेत्र के लोगों को उसमें जोड़ा। सभी से आग्रह किया कि सभी लोग अपने आसपास में रहने वाले ऐसे लोगों की सूची प्रतिदिन उन्हें दें जिनके पास खाने+पीने की व्यवस्था नहीं है। सुनील का यह काम उन लोगों के लिए प्रेरणादाई है जो अपनी व्यस्तताओं का हवाला देकर इंसानियत से कटते जा रहे हैं।