काशी हिंदू विश्वविद्यालय पहुंचे केंद्रीय विधि और न्याय मंत्री : बोले किरण रिजिजू- कांग्रेस ने देश तोड़ने के सिवाय कोई काम नहीं किया
Varanasi : केंद्रीय विधि और न्याय मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस ने देश तोड़ने के सिवाय कोई काम नहीं किया है। राहुल गांधी के बातों को ध्यान से सुनिए वह हर एक प्रदेश को दूसरे प्रदेश से अलग करने की बात करते हैं। भाषा और धर्म के आधार पर देश को तोड़ने का काम कांग्रेस और राहुल गांधी करते है, वह क्या देश को जोड़ेंगे वह देश को कमजोर कर रहे हैं।
केंद्रीय विधि और न्याय मंत्री किरण रिजिजू गुरुवार ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय में स्वतंत्रता संग्राम में जनजाति नायकों का योगदान विषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित सम्मिलित हुए। संगोष्ठी का आयोजन राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के तत्वावधान में आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया।
आयोग इन दिनों देश भर के विभिन्न विश्वविद्यालयों में स्वतंत्रता संग्राम में जनजाति नायकों का योगदान पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। पांच अगस्त से 15 सितंबर के मध्य आयोजित हो रहे इन कार्यक्रमों की श्रृंखला में गुरुवार को राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
किरण रिजिजू ने कहा कि, दिल्ली जहां 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस मनायेंगें उसका नाम राजपथ से बदलकर कर्तव्य पथ किया जा रहा है। दिल्ली का ऐतिहासिक राजपथ अब कर्तव्य पथ के नाम से जाना जाएगा। आज नई दिल्ली नगरपालिका परिषद ने इस पर मुहर लगा दी।