Varanasi : गंदगी पर आमादा भर्ती जमाती तब्लीगियों को चाहिए कीवी फल, रोटी-सब्जी के बजाय खाएंगे कबाब, शासनादेश पर महिला स्वास्थ्यकर्मियों को हटाया गया

वाराणसी। पंडित दीनदयाल हॉस्पिटल में भर्ती जमाती तब्लीगियों की मांग सुनकर स्वास्थ्यकर्मी परेशान हो गए हैं। उन्हें खाने में चावल-दाल, रोटी-सब्जी और सलाद की जगह कबाब चाहिए। वह सेब और केला की बजाए कीवी फल की मांग कर रहे हैं। सफाई का ख्याल रखने की बजाए गंदगी करने पर आमादा हैं। मांगें पूरी नहीं होने पर अस्पताल प्रशासन से नाराजगी भी है। चिकित्सकों को रिपोर्ट का इंतजार है ताकि उन्हें उचित स्थान पर क्वारंटाइन किया जा सके। अस्पताल में कुल 23 जमाती तब्लीगी भर्ती हैं। शासनादेश पर इनके इलाज में लगीं महिला स्वास्थ्यकर्मियों को हटा लिया गया है।

माइक्रो बायोलाजी लैब भेजा सैंपल

पंडित दीनदयाल और बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में 19 नए कोरोना संदिग्ध मिले हैं। इनको आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में 10, सर सुंदरलाल अस्पताल में नौ भर्ती हुए हैं। सभी का सैंपल लेकर बीएचयू के माइक्रो बायोलाजी लैब भेजा गया। वहीं, इन दोनों अस्पतालों से कुल 12 व्यक्ति डिस्चार्ज किए गए। वर्तमान में इन दोनों अस्पतालों में 35 मरीज भर्ती हैं। इन दोनों अस्पताल में अब तक कुल 182 संदिग्ध मरीज भर्ती हुए जिसमें 147 व्यक्ति डिस्चार्ज हो गए। अब तक माइक्रो बायोलाजी लैब में कुल 182 नमूना जांच केलिए भेजे गए जिसमें दो नमूने पॉजिटिव मिले। वहीं, 147 निगेटिव पाए गए। 33 नमूनों के परिणाम आने शेष हैं।

पैरामेडिकल स्टाफ के क्वारंटाइन की व्यवस्था

जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने बताया कि भविष्य की तैयारियों की दृष्टिगत मेडिकल तथा पैरामेडिकल स्टाफ के क्वारंटाइन की व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है। इसके लिये लक्ष्मणदास गेस्ट हाउस में 54 कमरे तथा राही पर्यटक गृह परेठकोठी के 25 कमरे आरक्षित हैं। संदिग्ध मरीजों के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में आठ-आठ घंटे के तीन शिफ्ट में 24 घंटे ओपीडी संचालित की जा रही है जिसमें जांच के साथ परामर्श दिए जा रहे हैं। जिले के अन्य राजकीय चिकित्सालयों में फ्लू के लिए अलग से कक्ष अथवा कार्नर स्थापित करते हुए अलग से ओपीडी संचालित की जा रही है।