UP ATS की वाराणसी यूनिट ने बलिया से दो रोहिंग्या को गिरफ्तार किया : फर्जी दस्तावेज बनाकर गुमराह करता था
वाराणसी। UP ATS की वाराणसी यूनिट को मंगलवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। UP ATS ने बलिया के कोतवाली थानाक्षेत्र से दो रोहिंग्या को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया मोहम्मद अरमान उर्फ अबु तल्हा एवं उसके साथ आए अन्य रोहिंग्या अब्दुल अमीन म्यांमार के रहने वाला है। भारत में अवैध तरीके से प्रवेश कर यहां फर्जी पासपोर्ट बनवा लिया था। UP ATS वाराणसी यूनिट के अनुसार अवैध रूप से म्यांमार और बांग्लादेश से भारत लाकर, अवैध दस्तावेजों के आधार पर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर रोहिंग्या समुदाय के लोगों को भारतीय बनाकर मानव- तस्करी के माध्यम से विदेश भेजने का काम मोहम्मद अरमान कर रहा था।

अधिकारियों के अनुसार, मोहम्मद अरमान उर्फ अबु तल्हा जो मूल रुप से म्यांमार का रहने वाला है। उसने बलिया के स्थानीय सहयोगियों की मदद से अपना नाम परिवर्तित कर अवैध तरीके से भारतीय दस्तावेज बनवाकर भारतीय पासपोर्ट बनवा लिया था। वर्ष 2015 में अवैध तरीके से भारतीय पासपोर्ट प्राप्त कर अरब देशों में जाकर पिछले सात सालों से नौकरी कर रहा था। अधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष के अक्टूबर माह में सऊदी अरब से आकर अरब देशों से अर्जित धन से पश्चिम बंगाल में अपनी पहचान छुपाकर अवैध तरीके से प्राप्त भारतीय दस्तावेजों के आधार पर जमीन खरीदकर मकान बनाकर रह रहा था। यह बीच बीच में जब भी भारत आता था वह बलिया के सहयोगियों से मिलने आता था।
UP ATS के अनुसार मोहम्मद अरमान अपने सहयोगियों के माध्यम से भारत बांग्लादेश एवं भारत म्यांमार अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर पार कराए गए रोहिंग्याओं को भारत में छुपने में एवं अपने भारतीय सहयोगियों की मदद से अवैध तरीके से भारतीय दस्तावेज बनवाने में मदद भी करता था। शातिर मोहम्मद अरमान मंगलवार को बलिया अपने सहयोगियों द्वारा अवैध तरीके से बॉर्डर पार कराए गए रोहिंग्या अब्दुल अमीन का भारतीय दस्तावेज बनवाने की कोशिश में बलिया आया था। अरमान के पास से अवैध तरीके से बनवाए गए भारतीय दस्तावेज, अपना एवं एक अन्य रोहिंग्या का भारतीय पासपोर्ट एवं आधार कार्ड ,विदेशी करेंसी, सऊदी का मोबाईल सिम, आईफोन मोबाईल भारतीय सिम लगा हुआ बरामद किया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।