रामनवमी के दिन पश्चिम बंगाल में हुई थी हिंसा : नाराज भारतीय अवाम पार्टी ने वाराणसी में ममता बनर्जी का पुतला फूंका, कही ये बात
Varanasi : बीते 30 मार्च को पश्चिम बंगाल के हावड़ा में रामनवमी पर निकली शोभायात्रा पर पत्थरबाजी की घटना से सभी सनातनियों में आक्रोश है। वहीं इस हिंसा को लेकर यूपी में भी आक्रोश देखने को मिल रहा है। रविवार को भारतीय आवाम पार्टी ने ममता बनर्जी के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया और मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए ममता बनर्जी का पुतला दहन किया।

इस दौरान भारतीय आवाम पार्टी के पदाधिकारियों ने कहा कि ये हमला सनातन संस्कृति पर सुनियोजित ढ़ंग से हमला है। वहीं, ममता बनर्जी पर हिंसा फैलाने का आरोप लगाते हुए पश्चिम बंगाल सरकार को बर्खास्त करने की मांग की है। भारतीय आवाम पार्टी के पदाधिकारियों ने ममता बनर्जी पर एक समुदाय को फायदा पहुंचाने के लिए दूसरे समुदाय पर हमला करवाने का भी आरोप लगाया है।

भारतीय अवाम पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष नजमा परवीन ने कहा कि ममता सरकार सारी हदें पार कर चुकी है। घुसपैठियों को सर पर चढ़ाकर हिन्दुओं पर अत्याचार करवा रही है। ममता सरकार को बर्खास्त कर तत्काल राष्ट्रपति शासन लगाना चाहिए। ममता और उसके भतीजे को गिरफ्तार कर जेल में डालना चाहिए। पश्चिम बंगाल की स्थिति भयावह हो चुकी है। कई इलाकों पर घुसपैठियों और रोहिंग्या मुसलमानों का कब्जा हो चुका है। हिन्दुओं और सनातन संस्कृति के प्रति ममता के नफरत पूर्ण बयान आ रहे हैं। ममता उसको पाकिस्तान बनाना चाहती है। भारतीय अवाम पार्टी गृहमंत्री और राष्ट्रपति से मिलकर बर्खास्तगी की बात कहेगी। पार्टी निर्दोष हिन्दू भाई बहनों के साथ खड़ी है।

ममता सरकार के दोहरे रवैये और आतंकियों को शह देने से नाराज भारतीय अवाम पार्टी के सुभाषवादी कार्यकर्त्ताओं ने लमही के मुंशी प्रेमचंद स्मृति द्वार पर ममता बनर्जी का पुतला फूंका। कार्यकर्त्ताओं ने ममता बनर्जी मुर्दाबाद, पश्चिम बंगाल सरकार को बर्खास्त करो, ममता को गिरफ्तार करो, पश्चिम बंगाल को कश्मीर नहीं बनने देंगे, का नारा लगाया।