सफाई करते समय पता चला घर में हुई है चोरी : अलमारी में रखे गहने गायब, पुलिस को दी गई जानकारी
Varanasi : भेलूपुर थाना क्षेत्र के सुदामापुर में जनरल स्टोर के मालिक गोविंद वर्मा के घर से चोरों ने जेवरात उड़ा दिया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। गोविंद वर्मा ने बताया कि पर्व को देखते हुए रविवार की सुबह घर में साफ-सफाई का काम हो रहा था।
पत्नी स्वाति वर्मा बेडरूम के अंदर रखी अलमारी खोलकर कपड़ों को सही कर रही थीं। निगाह लॉकर पर पड़ी। खोलकर देखा तो होश उड़ गया। लॉकर में रखे गहने नहीं थे। स्वाति ने परिवार के अन्य सदस्यों को जानकारी दी।
गोविंद के मुताबिक, लॉकर से दो सोने का मंगलसूत्र, तीन सोने का टप्स, एक सोने की लौंग, दो सोने की नथिया, दर्जनभर बिछिया, एक सोने की अंगूठी, एक सोने का मांगटीका और एक जोड़ी पायल गायब है। घर में उनकी बुजुर्ग मां और दो बच्चे रहते हैं। आसपास के लोग मकान के चबूतरे पर बैठते हैं। पुलिस की नजर में मामला संदिग्ध है।