धरोहर संरक्षण: कृष्णानंद पाण्डेय बोले- हमारी संस्कृति जितनी सशक्त होगी, संविधान उतना ही मजबूत बनेगा
पिंडरा, वाराणसी: धरोहर संरक्षण सेवा संगठन द्वारा आयोजित संस्कृति संवाद यात्रा के दसवें पड़ाव की बैठक पं. दीनदयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज बाबतपुर में संपन्न हुई।
मुख्य वक्ता और संगठन के प्रमुख संयोजक कृष्णानंद पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि सनातन संस्कृति ही भारतीय संविधान की सच्ची रक्षा कर सकती है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति जितनी सशक्त होगी, संविधान उतना ही मजबूत बनेगा। इसके लिए उन्होंने सनातन संस्कृति के विस्तार हेतु हर व्यक्ति को अपने सर्वोच्च बलिदान के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
वक्ता गौरीश सिंह ने कहा कि विश्व कल्याण की शक्ति केवल सनातन धर्म में ही है। पंकज तिवारी ने शास्त्र और शस्त्र के महत्व को बताते हुए कहा कि शस्त्र की छांव में ही शास्त्र का अनुसंधान संभव है, बिना शस्त्र के शास्त्र की रक्षा नहीं हो सकेगी। अतुल तिवारी ने संगठन और एकता पर जोर देते हुए कहा कि हम सभी को एकजुट होकर सनातनी सैनिक बनना होगा, तभी सनातन धर्म का विस्तार संभव हो सकेगा।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता ओम प्रकाश दुबे ने की और संचालन गौरव मिश्रा ने किया। कार्यक्रम में नीरज तिवारी, आनंद मिश्र, विजय प्रकाश, वेद प्रकाश दुबे, सूरज, पप्पु प्रजापति, अवधेश उपाध्याय, सदानंद उपाध्याय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।