अपराध पूर्वांचल वाराणसी 

नहीं किसी का हो अपमान, लड़का लड़की एक समान: लिंग भेद के खिलाफ रैली निकाली, मांगा बराबरी का हक

मिर्जामुराद, वाराणसी: लोक समिति और आशा ट्रस्ट के तत्वाधान में मंगलवार को मिर्जामुराद में सैकड़ों किशोरी लड़कियों ने लिंग भेद के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली। रैली में लड़कियों ने जोरदार नारे लगाते हुए समाज में फैले लैंगिक असमानता को खत्म करने की मांग की।

नारे जैसे “नहीं किसी का हो अपमान, लड़का लड़की एक समान” और “कन्या भ्रूण हत्या बंद करो” ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। यह रैली मिर्जामुराद बाजार से होते हुए श्यामा माता मंदिर तक निकाली गई, जहां बालिका महोत्सव का आयोजन हुआ।

लड़कियों की घटती जनसंख्या पर जताई चिंता

कार्यक्रम का शुभारंभ सीताराम हॉस्पिटल के प्रबंधक शैलेन्द्र चतुर्वेदी ‘अनिल’, लोक समिति संयोजक नन्दलाल मास्टर, जोगापुर ग्राम प्रधान चंद्रभूषण, और सामाजिक कार्यकर्ता मनोज यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान लड़कियों ने लिंग भेदभाव और लैंगिक असमानता के खिलाफ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि शैलेन्द्र चतुर्वेदी ‘अनिल’ ने कहा कि समाज में आज भी लड़कियों के प्रति भेदभाव व्याप्त है, जिसके कारण लड़कियों की संख्या में भारी कमी हो रही है। उत्तर प्रदेश में हर साल औसतन पौने दो लाख बेटियां गायब हो रही हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है।

किशोरी संगठन का जन जागरूकता अभियान

लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर ने बताया कि किशोरी संगठन की लड़कियां गांव-गांव में जाकर दहेज, बाल विवाह, कन्या भ्रूण हत्या और महिला हिंसा के खिलाफ जन जागरूकता अभियान चला रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज में बदलाव लाने के लिए लड़कियों की टोली गठित की जा रही है, जो इस अभियान को और मजबूत बनाएगी।

हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी

मिशन शक्ति अभियान के तहत मिर्जामुराद थाने से आई एसआई अनुजा गोस्वामी और महिला कांस्टेबल सोनी ने 102, 108, और 1090 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी, जिससे लड़कियां मुसीबत के समय मदद प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम का संचालन आशा रानी और विमला ने किया, स्वागत राजकुमारी पटेल ने किया और धन्यवाद ज्ञापन सोनी ने प्रस्तुत किया। इस मौके पर प्रिंसी, अंजली, ज्योति, सुनील, श्यामसुंदर, नरगिस, रंजना, चांदनी, खुशबू समेत कई अन्य लड़कियों ने अपने विचार साझा किए।

Related posts